सिंगर उषा उत्थुप का ‘दीदी’ गाना गाने वाला वायरल वीडियो पुराना, टीएमसी की हार के जश्न से सम्बंधित नहीं है वीडियो।

बंगाल के विधानसभा चुनाव में टीएमसी को मिली हार से जोड़ते हुए गायिका उषा उत्थुप का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वे बंगाली गाना ‘दीदी गो’ गाते नज़र आ रही है। यह वीडियो इस दावे से साझा किया जा रहा है कि उषा उत्थुप बंगाल चुनाव में टीएमसी को मिली हार और ममता बनर्जी की सरकार जाने का जश्न मना रही है। वायरल वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…
“Didi Go”टीएमसी की वसूली से परेशान होकर मुंबई शिफ़्ट होने पर मजबूर उषा उत्थुप कोलकाता लौट आयी हैं और दीदी के जाने को अपने अंदाज़ में सेलिब्रेट कर रही हैं
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में यह देखा कि वायरल वीडियो में Creatvie Video नाम के चैनल का लोगो है। इसे ही आधार बनाते हुए हमने खोज की जो हमें यूट्यूब चैनल तक ले गया। यहां पर 22 अक्टूबर 2022 को पूरा वर्जन अपलोड किया हुआ देख सकते हैं। वहीं वीडियो के साथ लिखे डिस्क्रिप्शन के अनुसार, यह पुलिस एथलीट क्लब द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम का वीडियो है, जिसे कोलकाता के नजरूल मंच में आयोजित किया गया था। मूल वीडियो के एक दृश्य में पीछे स्क्रीन पर 31 जुलाई 2022 की तारीख भी दिखाई देती है जो साफ करती है कि यह वीडियो न तो हाल का है और न ही इसका पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों से कोई संबंध है।
इसके बाद हमें एक फेसबुक अकाउंट पर भी उषा उत्थुप के इस कार्यक्रम की तस्वीरें 8 अगस्त 2022 को अपलोड की हुई मिलीं। पोस्ट में मौजूद कैप्शन में इसे कोलकाता पुलिस एथलीट क्लब द्वारा आयोजित कार्यक्रम का बताया गया है।
पड़ताल में हमने पाया कि उषा उत्थुप का यह हिट गाना ‘दीदी’ साल 1992 में रिलीज हुआ था, जिसे रतन साहा ने लिखा और खालेद ने कम्पोज किया था।
आगे की खोज में हमने पाया कि खुद गायिका उषा उत्थुप ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल वीडियो का खंडन करते हुए बताया कि वायरल दावा फर्जी है। उन्होंने यह गाना करीब 25 साल पहले गाया था, जो बांग्ला में उनका सबसे हिट गाना रहा है। यह एक पुराना वीडियो है, जिसमें उनके गले में कोविड मास्क भी देखा जा सकता है। यह भी स्पष्ट किया गया कि उन्होंने कभी कोलकाता नहीं छोड़ा और वह पिछले 57 वर्षों से वहीं रह रही हैं।
उनके द्वारा जारी एक अन्य खंडन में स्पष्ट किया गया कि एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर वायरल पोस्ट में कही गई बातें गलत और भ्रामक हैं। उन्होंने लिखा “मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि मैं 1976 से कोलकाता में रह रही हूं और तब से मैंने कोलकाता नहीं छोड़ा। वायरल पोस्ट में कही गई बातें मेरी नहीं है। मैं उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेती हूं।”
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। गायिका उषा उत्थुप ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार को सेलिब्रेट करने के लिए दीदी गाना नहीं गाया। उनका यह वायरल वीडियो करीब चार साल पुराना है।


