
तीन युवकों की पिटाई करती पुलिस का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ पुलिसकर्मी तीन युवकों की डंडों से पिटाई कर रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में तीनों युवक कॉलेज की लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करते थे और उन्हें रोजाना परेशान करते थे, जिसकी शिकायत मिलने पर आंध्र प्रदेश पुलिस ने यूपी पुलिस की तरह कार्रवाई कर युवकों की सरेआम पिटाई कर दी।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- महाराज जी मुख्यमंत्री तो बस एक यूपी के बने हैं पर उनकी बजह से माहौल पूरे देश का ख़राब हों गया है..प्रदेश कोई भी हों मुख्यमंत्री कोई भी हों पब्लिक उनसें सिर्फ़ योगी एक्शन की ही माँग करती है विशाखापत्तनम में ये तीन लड़के रोज़ कॉलेज आने जाने वाली लड़कियों को छेड़ते थे जिसकी वजह से कई लड़कियों ने पढ़ाई छोड़ दी,फिर आंध्र पुलिस ने कॉलेज की लड़कियों को परेशान करने के लिए 3 युवकों को लाठियों से सरेआम पीट उन्हें यूपी पुलिस की याद दिला दी
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के आधिकारिक एक्स पर मिला ।
वीडियो को 27 मई 2025 को शेयर किया गया था। इससे ये साफ है कि वायरल वीडियो हाल ही का नहीं है।
मौजूद जानकारी के मुताबिक, वाईएस जगन मोहन रेड्डी, राज्य पुलिस की कार्रवाई को लेकर मौजूदा एन चंद्रबाबू नायडू सरकार पर निशाना साध रहे थे।
मिली जानकारी की मदद लेते हुए पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘एनडीटीवी’ की वेबसाइट पर 28 मई 2025 को प्रकाशित की हुई मिली थी। इसमें वायरल वीडियो की तस्वीर को देखा जा सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो आंध्र प्रदेश के तेनाली का है। दरअसल, विक्टर, बाबूलाल और राकेश नाम के तीन युवक एक स्थानीय डॉन लड्डू के लिए काम करते हैं, जिन्होंने एटानगर में ड्रग्स के नशे में धुत होकर पुलिस कॉन्स्टेबल चिरंजीवी पर हमला किया था।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को सरेआम पिटा था।

अधिक सर्च करने पर वायरल वीडियो की खबर हमें टाइम्स नाउ, साक्षी टीवी और टाइम्स ऑफ़ इंडिया के चैनल पर मिला। प्रकाशित खबरों के अनुसार आंध्र प्रदेश के इथानागर में एक पुलिस कॉन्स्टेबल पर हमला करने के आरोप में तेनाली शहर की पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है।
गिरफ़्तारी के बाद विवाद खड़ा हो गया है क्योंकि एक वीडियो सामने आया है जिसमें आरोपियों को ज़मीन पर बैठाकर पुलिसकर्मी उनके पैरों पर डंडे मारते हुए दिख रहे हैं।
आरोपियों — चेब्रोलू जॉन विक्टर (25), शेख बाबूलाल (21) और डोमा राकेश (25) के बारे में कहा जाता है कि वे ‘लड्डू’ नाम के एक कुख्यात अपराधी (राउडी-शीटर) के करीबी साथी हैं।
तेनाली टू टाउन पुलिस के अधिकारी रामुलु नाइक के अनुसार, जब इन तीनों ने ‘किलर’ नाम के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गांजे के नशे में कॉन्स्टेबल कन्ना चिरंजीवी पर कथित तौर पर हमला किया था। हमले के बाद कॉन्स्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनकी शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो वर्तमान का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है और यह विशाखापट्टनम का नहीं, बल्कि आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले का वीडियो है। जब इन तीनों युवकों ने एक पुलिस कॉन्स्टेबल पर हमला किया था, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की थी। इन्हें लड़कियों को परेशान करने या छेड़छाड़ करने के आरोप में नहीं पीटा गया था।


