पश्चिम बंगाल का नहीं, बांग्लादेश में बकरीद पर घर लौटते लोगों का है यह वायरल वीडियो।

False Political

डिटेंशन कैंप के डर से बंगाल छोड़ भागते बांग्लादेशी प्रवासियों का वायरल वीडियो भ्रामक, बांग्लादेश में बकरीद की भीड़ का है वीडियो।

पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार आने के बाद राज्य में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों को वापस बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई तेजी से हो रही है। इसी कड़ी में वायरल एक वीडियो में लोगों से भरी ट्रेन दिख रही है। साथ ही ट्रेन की छत पर बैठे कईयों की भीड़ नज़र आ रही है। वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी प्रवासी डिटेंशन कैंप भेजे जाने के डर से अपने देश वापस भाग रहे हैं।

पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा गया है…

पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश की ओर जाने वाली ट्रेन में उमड़ी भारी भीड़ ने सबका ध्यान खींच लिया है! ट्रेन के ऊपर, दरवाजों पर और अंदर तक लोगों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर इस दृश्य को लेकर तरहतरह की चर्चाएँ और दावे किए जा रहे हैं। लोग इसे पश्चिम बंगाल की राजनीति और सीमा सुरक्षा से जोड़कर अपनी प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं। 🇮🇳 देश की सीमाओं की सुरक्षा और कानून का पालन किसी भी राष्ट्र की मजबूती का आधार होता है। सीमा पार आवागमन और नागरिकता से जुड़े सभी मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई होना आवश्यक है।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के फ्रेम को ध्यान से देखा। इसमें हमें ट्रेन की बोगियों पर बांग्लादेश रेलवे और इंटरसिटी लिखा नजर आया। इसके एक फ्रेम में ट्रेन का नाम ‘Chilahati Express-806/805’ लिखा हुआ नज़र आ रहा है। इससे यह समझ सकते हैं कि यह ट्रेन बांग्लादेश के भीतर चलने वाली एक लोकल ट्रेन है।

पड़ताल करने पर हमें बांग्लादेश के Rail News Digital नामक फेसबुक पेज पर इसी ट्रेन से जुड़े कई वीडियो मिले। इनमें 26 मई को अपलोड किए गए एक वीडियो में यात्रियों से खचाखच भरी चिलाहाटी एक्सप्रेस को स्टेशन से रवाना होते हुए देख सकते हैं। हमने पाया कि इस वीडियो का एक फ्रेम वायरल वीडियो से काफी हद तक मेल खाता है। वहीं वीडियो में मौजूद रिपोर्टर को यह बताते हुए दिखाया गया है कि बकरीद के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग ढाका से अपने घरों की ओर लौट रहे थें। यात्रा के दौरान कई यात्री भीड़भाड़ के कारण अपनी जान जोख़िम में डालते हुए ट्रेन की छतों पर बैठकर सफर कर रहे थें। इससे पता चलता है कि वीडियो बांग्लादेश में चलने वाली ट्रेन का है।

आगे हमें Train Update from Dhaka Station नाम के एक फेसबुक पेज पर चिलाहाटी एक्सप्रेस का एक और वीडियो 26 मई को अपलोड मिला। इसके विवरण के मुताबिक, यह दृश्य तब का है जब ट्रेन ढाका के कमलापुर रेलवे स्टेशन से चिलाहाटी के लिए चल रही थी। इस वीडियो में दिख रही यात्रियों की भारी भीड़ वायरल क्लिप से पूरी तरह मिलती-जुलती है। इससे साफ होता है कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का ही है। 

अब हमने चिलाहाटी एक्सप्रेस के बारे में पता लगाया। परिणाम में हमें बांग्लादेशी वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह ट्रेन ढाका में चलने वाली  इंटरसिटी ट्रेन है।

और खोजने पर हमें यह ज्ञात हुआ कि भारत और बांग्लादेश के बीच रेल सेवा वर्तमान में पूरी तरह ठप है। 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना के इस्तीफे के बाद सुरक्षा कारणों से इसे अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया था, जो अब तक बहाल नहीं हो सकी है। ऐसे में भारत और बांग्लादेश के बीच ट्रेन संचालन पर संशय ही बनता है।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो का पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं है। यह बांग्लादेश का एक पुराना वीडियो है, जब बकरीद के दौरान ढाका से अपने घर लौटते लोगों की यह भीड़ उस वक्त कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी। साथ ही वर्तमान में दोनों देशों के बीच नियमित यात्री ट्रेन सेवाएं भी बंद हैं।

Result Stamp

Title: पश्चिम बंगाल का नहीं, बांग्लादेश में बकरीद पर घर लौटते लोगों का है यह वायरल वीडियो।

Written By: Priyanka Sinha

Result: False