
अभी हाल ही में 3 जून 2026 को साउथ दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक रेस्टोरेंट-कम-होटल में भीषण अग्निकांड हुआ था, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो फैलाया जा रहा है, जिसे साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह उसी अग्निकांड का वीडियो है, जिसमें एक महिला को रेस्क्यू कर बचाया जा रहा है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है-6 मंजिला होटल में लगी भीषण आग, 21 लोगों की दर्दनाक मौत
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें दिसंबर 2025 में प्रकाशित कई मीडिया आउटलेट्स पर मिली। इन रिपोर्ट्स के अनुसार, वीडियो में फिलीपींस के मंडाउ सिटी में दिसंबर 2025 में आग की चपेट में आई एक इमारत से निकलने से पहले एक महिला को अपने पालतू कुत्तों को बचाते हुए दिखाया गया है।
मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें फिलीपींस के ABS-CBN न्यूज़ की 10 दिसंबर 2025 की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो का फुटेज था । खबर में बताया गया था कि एक महिला ने मंडाउ सिटी में आग लगी इमारत से कई कुत्तों को बचाया।

आगे की जांच में हमें फिलीपींस के मीडिया आउटलेट GMA पब्लिक अफेयर्स की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार 10 दिसंबर 2025 को स्टो. निनो, मंडाउ सिटी में आग लगने के दौरान, जब पालतू कुत्तों को तीसरी मंज़िल की इमारत से नीचे गिराया गया, तो एक महिला ने उन्हें निडरता से पकड़ लिया। बाद में फायरफाइटर्स ने आग पर काबू पा लिया।
हमें इस घटना के बारे में कई स्थानीय मीडिया रिपोर्ट मिली। जिसे यहां, यहां और यहां पर देखा जा सकता है। जिनके अनुसार, 10 दिसंबर 2025 को मंडाउ सिटी में तीन मंज़िला कमर्शियल और रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई थी।
बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह बिजली की खराबी हो सकती है।
जब यह हादसा हुआ तब बचाव दल के पहुँचने से पहले ही ई मेई ली मैनिंगो ने अपने दो पालतू कुत्तों को बचाकर अद्भुत बहादुरी दिखाई।
उनकी हिम्मत और सूझबूझ को देखते हुए, मंडाउ सिटी प्रशासन नेमैनिंगो को सम्मानित भी किया था।

निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, वायरल वीडियो दिल्ली के मालवीय नगर में हाल ही में होटल में लगी आग के दौरान बचाव अभियान का नहीं है। यह फुटेज दिसंबर 2025 में फिलीपींस के मंडाउ शहर में एक जलती हुई इमारत से एक महिला द्वारा अपने पालतू कुत्तों को बचाने का है।


