
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में हुए सूर्या हत्याकांड के बाद मुख्य आरोपी असद के नाम से एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक को हत्या करने की बात स्वीकार करते हुए दिखाया गया है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद का है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या की हत्या.. करने के बाद असद ने रात को 11:00 बजे के आसपास की वीडियो इंस्टाग्राम पर डाला था ,उसमें वह कह रहा है की भाइयों तुम्हारे भाई ने आज एक मर्डर कर दिया अब तो मैं कुछ समय के लिए अंदर जा रहा हूं अपना प्यार बनाए रखना,,,लेकिन यह सूअर अंदर नहीं जहन्नुम भेज दिया गया…इस। सु #अर को पता नहीं था कि यह योगीराज है अखिलेश यादव की सरकार नहीं है की एक हिंदू की हत्या करने के लिए इसे यश भारती सम्मान या सांसद विधायक का टिकट दिया जाए।
#hindu
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें अप्रैल 2026 को छपी मीडिया रिपोर्ट में मिलीं। इन रिपोर्ट में वही वीडियो फुटेज था जिसमें एक युवक हत्या की बात कबूल कर रहा था। इससे यह पक्का होता है कि वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद में 28 मई 2026 को हुई सूर्य प्रताप चौहान की हत्या से पहले का है।

रिपोर्ट में वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान करण कुमार के तौर पर की गई। उस पर 2 अप्रैल 2026 को दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में 20 साल के नितेश उर्फ निक्की की हत्या का आरोप था। बाद में करण ने अपराध कबूल करते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे पोस्ट किया।
मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें ‘एनडीटीवी’ के यूट्यूब चैनल पर भी 3 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो से संबंधित न्यूज़ रिपोर्ट मिली। जिसके अनुसार, करण कुमार ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से वीडियो पोस्ट कर कहा कि उसने किसी की हत्या कर दी है।
इंडिया टुडे’ की वेबसाइट पर 4 अप्रैल 2026 को छपी खबर के अनुसार, दिल्ली के शालीमार बाग क्षेत्र में एक नाबालिग समेत तीन लोगों ने युवक नितेश की मामूली विवाद के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी थी ।
करण ने युवक पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद मुख्य आरोपी करण ने वीडियो पोस्ट कर कहा कि उसने एक व्यक्ति की हत्या कर दी है और वह कुछ दिन के लिए जेल जा रहा है।

हमें कई और मीडिया रिपोर्ट भी मिलीं जिसे यहाँ, यहाँ और यहां पर देखा जा सकता है। खबरों के अनुसार इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक नाबालिग है, जबकि दो के नाम करण और मोंटी हैं।
सूर्या मर्डर केस के आरोपी असद-
28 मई यानि बकरीद वाले दिन, भरी दोपहर में सूर्या चौहान की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी, हत्या करने वाले भी कोई और नहीं सूर्या के दोस्त ही थे। जिन्होंने साजिश के तहत सूर्या को अपने घर बुलाया और फिर उसका गला रेत दिया । इस हत्याकांड के बाद लगातार इंसाफ की मांग हो रही थी, विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। पुलिस ने असद पर पचास हजार रुपए का इनाम भी रखा था, वही असद आज पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि , दिल्ली में अप्रैल 2026 में हुए हत्याकांड से संबंधित वीडियो को सूर्या मर्डर केस के आरोपी असद का बताकर वायरल किया जा रहा है। इसका सूर्या हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है।


