जन्मदिन पर राहुल गांधी ने मोमबत्तियां बुझाकर ही काटा था केक, जन्मदिन समारोह के वीडियो और तस्वीरों से सामने आया सच।

अभी हाल ही में लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कांग्रेस के नेताओं संग अपना 56वां जन्मदिन मनाया। जिसकी कई तस्वीरें और पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इसी में राहुल गांधी की एक तस्वीर तेज़ी से वायरल हो रही है, जिसमें वे अपने जन्मदिन के मौके पर केक पर फूंक मारते हुए दिख रहे हैं। तस्वीर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी दिखाई दे रही हैं। इस तस्वीर को साझा करते हुए राहुल गांधी का मजाक बनाया जा रहा है और दावा किया जा रहा है कि जिस केक पर वे फूंक मार रहे थें उस पर मोमबत्तियां नहीं लगी हुई थी। पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा गया है…
कांग्रेस है तो संभव है! जन्मदिन पर न कैंडल थी, न मोमबत्ती बुझाने की जरूरत…लेकिन राहुल गांधी जी पूरी तैयारी के साथ फूंक मारते नजर आए, और उधर खरगे जी केक काटने में व्यस्त थे!अब सवाल ये है कि ये जन्मदिन का सेलिब्रेशन था या फिर कोई टीमवर्क प्रोजेक्ट चल रहा था?सोशल मीडिया पर यह तस्वीर खूब चर्चा बटोर रही है और लोग मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल तस्वीर को ध्यान से देखा। इसमें केक पर मोमबत्तियों लगी हुई दिखाई देती हैं। लेकिन तस्वीर की गुणवत्ता के चलते यह अच्छे से नहीं दिखती। इसलिए यूज़र द्वारा वायरल पोस्ट में इसको ऐसे साझा किया गया कि राहुल गांधी ने बिना मोमबत्तियों वाले केक पर ही फूंक मार दिया।

इसके बाद हमने कीवर्ड सर्च से खोज शुरू की और परिणाम में हमें यूएनआई के एक्स हैंडल पर 19 जून 2026 को अपलोड की हुई कुछ तस्वीरें मिलीं। इसमें राहुल गांधी केक पर लगी मोमबत्तियों को बुझाने के लिए फूंक मारते हुए दिखाई देते हैं।
फिर हमें हिंदुस्तान टाइम्स के इंस्टाग्राम हैंडल पर एक और पोस्ट मिली, जिसमें राहुल गांधी के केक काटने सम्बंधित तस्वीरें साझा की गई थी। इसमें भी वायरल तस्वीर को देखा जा सकता है, जिसमें केक पर मोमबत्तियां दिखाई देती है। वहीं पोस्ट में बताया गया कि राहुल गांधी ने कांग्रेस के नेताओं के संग अपना 56वां जन्मदिन मनाया था। यह पोस्ट 19 जून 2026 को की गई थी।

और खोज करने पर हमें एबीपी न्यूज के फेसबुक पेज पर एक रील मिली, जिसमें 20 सेकंड में राहुल गांधी को उसी केक के ऊपर लगी मोमबत्तियों पर फूंक मारते हुए देखा जा सकता है।
कांग्रेस की वेबसाइट पर राहुल गांधी के जन्मदिन की तस्वीरें साझा की गई है, जिन्हें 19 जून 2026 को पोस्ट किया गया था। तस्वीरों को देखने से स्पष्ट होता है कि केक पर मोमबत्तियां मौजूद थीं। इनमें से एक तस्वीर में जलती हुई मोमबत्तियां साफ दिखाई देती है।

आगे की तस्वीर में वायरल तस्वीर भी है, जिसमें राहुल गांधी हल्का जलती हुई मोमबत्तियों को फूंक मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इसी तरह कांग्रेस द्वारा एक्स हैंडल पर अपलोड किए गए वीडियो में, 20वें सेकंड पर राहुल गांधी जलती हुई मोमबत्तियों पर फूंक मारते दिखाई देते हैं जो बुझ जाती हैं।
यानी पूरी तरह से स्पष्ट हो गया कि राहुल गांधी के बर्थडे पर जो केक था उसके ऊपर मोमबत्तियां लगी हुई थीं, जिन्हें उन्होंने फूंक मारकर बुझाया था। इसलिए पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक साबित होता है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है। हमें मिले साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि केक पर दो मोमबत्तियां थीं जो जल रही थी और उनको राहुल गांधी ने फूंक मार कर बुझाया था। उसी क्रम की एक तस्वीर को राहुल गांधी के खिलाफ दुष्प्रचार की मंशा से साझा कर दिया गया।


