राजनाथ सिंह के इस्तीफे वाले बयान का वायरल वीडियो फेक है। वीडियो साल 2015 का है जो वर्तमान में NEET मामले से सम्बंधित नहीं है।

इन दिनों देश में NEET UG 2026 प्रश्नपत्र लीक होने के मामले पर बवाल मचा हुआ है। वहीं इससे जुड़े आरोपों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भारी मांग हो रही है। इन्हीं विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे कहते हैं, “यह यूपीए सरकार नहीं, एनडीए सरकार है, कोई इस्तीफा नहीं होगा।” दावा किया जा रहा है कि नीट 2026 प्रश्नपत्र लीक विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर उन्होंने ऐसी प्रतिक्रिया दी है।
वायरल वीडियो के साथ यूज़र ने कैप्शन में लिखा है…
बेशर्म राजनाथ सिंह क्या कह रहे सुनिए…कुछ देशद्रोही NEET पेपर लीक में हमारी मोदी सरकार के शिक्षा मंत्री से इस्तीफा मांग रहे हैं.उन लोगों को बता दूं – ये UPA सरकार नहीं है जो मंत्री जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा दे.ये NDA की सरकार है, हमारे मोदी जी की सरकार है. हमारे मंत्री जी कुर्सी से चिपके रहेंगे.जो करना है कर लो #मोदी_है_तो_मुमकिन_हैं
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में सबसे पहले यह पता लगाया कई क्या वाकई में राजनाथ सिंह ने नीट मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कोई बयान दिया है। क्यूंकि अगर ऐसा होता, तो यह मीडिया में छाई होती।
फिर हमने वायरल वीडियो से कीफ्रेम लेकर उसे रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें टाइम्स नाउ के यूट्यूब चैनल पर 24 जून 2015 को प्रकाशित एक समाचार रिपोर्ट मिली। इसमें वही क्लिप को देख सकते हैं जो वायरल वीडियो वाले हैं। जबकि रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ललित मोदी विवाद, जिसे “ललितगेट” विवाद के नाम से भी जाना जाता है, में संभावित इस्तीफों पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए यह बयान दिया था। उस समय कांग्रेस पार्टी ने तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के इस्तीफे की मांग की थी। तभी बातचीत के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा था कि, “कोई इस्तीफा नहीं होगा। यह यूपीए सरकार नहीं है, यह एनडीए सरकार है।”
इससे पुष्टि होती है कि वायरल वीडियो पुराना है और NEET-UG 2026 के पेपर लीक मामले से इसका कोई संबंध नहीं है।
इसके बाद हमें राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा वीडियो मिला,जिसे 24 जून 2015 को ही स्ट्रीम किया गया था। तब राजनाथ सिंह और रवि शंकर प्रसाद कैबिनेट ब्रीफिंग कर रहे थे। उसी दौरान एक पत्रकार ने उनसे ललित मोदी विवाद को लेकर इस्तीफे का प्रश्न पूछा, जिसका जवाब देते हुए राजनाथ सिंह ने इस्तीफे वाली बात कही थी। यह पूरा वीडियो बीजेपी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मौजूद है, जिसमें 23 मिनट की टाइमलाइन के बाद राजनाथ सिंह के वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है।
24 जून 2015 को छपी एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, राजनाथ सिंह ने ललित मोदी से जुड़े विवाद में इस्तीफे की संभावना को खारिज कर दिया था। उस समय कांग्रेस पार्टी ने तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के इस्तीफे की मांग की थी। राजनाथ सिंह ने कहा था: “कोई इस्तीफा नहीं होगा। यह यूपीए सरकार नहीं, एनडीए सरकार है।”
इसी प्रकार से बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट में ललित मोदी विवाद पर चर्चा करते हुए राजनाथ सिंह की तरफ से ‘कोई इस्तीफा नहीं होगा। यह यूपीए सरकार नहीं, एनडीए सरकार है’ कहा गया बयान एक पत्रकार के सवाल के जवाब में दिए जाने संबंधी रिपोर्ट देख सकते हैं।
पड़ताल में आगे हमें नीट पेपर लीक मामले पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की तरफ से एक्स पर की गई एक प्रेस ब्रीफिंग मिली। इसमें वे प्रतिक्रिया देते हुए कह रहे थें कि परीक्षा अब 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को पेपर हल करने के लिए अतिरिक्त 15 मिनट भी दिए जाएंगे। इस मामले में गड़बड़ी के लिए सख्ती अपनाई जाएगी। उन्होंने यह भी माना कि व्यवस्था में सुधार की जरूरत है, “गलती बिल्कुल नहीं होनी चाहिए और इसकी जिम्मेदारी हमारी है।”
https://twitter.com/i/broadcasts/1qxvvklBqNzxB
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। उनका यह वायरल क्लिप जून 2015 में ललित मोदी विवाद के दौरान का है, जिसे वर्तमान NEET मामले से जोड़कर भ्रामक रूप में फैलाया जा रहा है।


