
एक लड़की के साथ बुरी तरह मारपीट करते लड़के का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो किसी सीसीटीवी फुटेज का लगता है, जिसमें देखा जा सकता है कि किसी लिफ्ट से बाहर निकलते समय एक लड़का एक लड़की से टकरा जाता है। इसके बाद दोनों में बहस हो जाती है और लड़की उस लड़के को थप्पड़ मार देती है। बदले में लड़का उस लड़की के साथ बुरी तरह मारपीट करता है। वीडियो को असली घटना समझ कर शेयर किया जा रहा है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- लिफ्ट में लड़का मैडम से गलती से टच हो गया फिर लगातार बेइज्जती करके थप्पड़ मार दिया,लड़का फिर ज्यादा पिटाई किया लेकिन CCTV नही होता तो मैडम विक्टिम कार्ड खेलती।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो के कैप्शन में ‘ऐक्टिंग’ और ‘रेसलिंग’ जैसे हैशटैग्स का इस्तेमाल किया गया है।

वीडियो में नजर आ रहे लड़के का नाम विपिन चौहान है। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट के बायो के मुताबिक वो एक रेसलर हैं। उनके अकाउंट पर मौजूद कई दूसरी वीडियोज में ‘CWE अकैडमी’ का बैनर नजर आता है।
उनके अकाउंट पर इस तरह की मारपीट के और भी वीडियो मौजूद हैं, जिनमें वही लड़की है जो वायरल वीडियो में भी नजर आ रही है।
https://www.instagram.com/reel/DYgsmsKMugo
हमने पाया कि वीडियो वायरल होने पर विपिन चौहान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया है।

स्पष्टीकरण के लिए हमने विपिन चौहान से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वीडियो में दिख रही लड़की उनकी पत्नी रुचिका शाह हैं। इन वीडियोज पर उन्हें काफी व्यूज और लाइक्स मिले, जिसके बाद उन्होंने इस तरह के और भी वीडियो बनाने का फैसला किया। यह कोई वास्तविक घटना नहीं बल्कि एक स्क्रिप्टेड वीडियो है।
निष्कर्ष तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह कोई वास्तविक घटना नहीं बल्कि एक स्क्रिप्टेड वीडियो है। वीडियो में दिख रहे महिला और पुरुष असल जिंदगी में पति-पत्नी हैं। दोनों ही लोग कुश्ती के खिलाड़ी हैं, जो वीडियो में अभिनय कर रहे हैं।


