बीजेपी की पूर्व नेता बेबी कोले का पुराना वीडियो वर्तमान विधानसभा चुनाव का बताकर किया जा रहा है वायरल। 

Misleading Political

खड़गपुर नगर निगम चुनाव के दौरान टिकट वितरण को लेकर बीजेपी में आपसी विवाद हुआ था। इसका वर्तमान चुनावों से कोई लेना-देना नहीं है।

पश्चिम बंगाल में चल रहे हालिया विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया। अब 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग होंगी जिसके लिए एक के बाद एक रैलियां की जा रही है। इस बीच इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें एक महिला गुस्से में बंगाली में लोगों को बोलकर धमकाती हुई नज़र आ रही है और बीजेपी को वोट न देने की बात कह रही है। वीडियो को पश्चिम बंगाल में चल रहे चुनाव से जोड़ते हुए साझा किया जा रहा है। साथ ही दावा किया जा रहा है कि यह महिला तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की नेता हैं जो बीजेपी को वोट नहीं देने के लिए धमकी दे रही हैं। 

वहीं वायरल वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…

टीएमसी महिला नेत्री ने एक इलाके के निवासियों को चेतावनी दी कि अगर एक भी वोट बीजेपी को गया या किसी ने बीजेपी का झंडा लगाया तो वह सब कुछ आग के हवाले कर देगी।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को लेकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज से सर्च किया। परिणाम में हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट एबीपी बंगाली लाइव पर मिली। यहां पर रिपोर्ट को 16 फरवरी 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसके अनुसार, वीडियो में नजर आ रही महिला बीजेपी नेता बेबी कोले हैं, जो नगर निगम चुनावों में भाजपा द्वारा खड़गपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 10 से बेबी कोले को टिकट न देकर मौशुमी दास को दिए जाने से नाराज हो गई थीं। उन्होंने गुस्से में लोगों को धमकाना शुरू कर दिया था और मौशुमी दास और बीजेपी को वोट नहीं देने के लिए लोगों को धमकाया था। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर टिकट के लिए पैसे मांगने के आरोप भी लगाए थे।

फिर हमें न्यूज18 की रिपोर्ट मिली। यहां भी वायरल वीडियो के एक स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल किया गया है। जबकि रिपोर्ट 6 फरवरी 2022 को प्रकाशित की गई थी। इसमें बताया गया कि उम्मीदवारों की सूची को लेकर भाजपा में बड़ा विवाद शुरू हुआ, जब खड़गपुर के पार्टी के उम्मीदवार को वोट देने वालों को उनके घरों में आग लगाने की धमकी दी जा रही थी। यह धमकी खड़गपुर के वार्ड नंबर 10 में खुद एक भाजपा नेता ने दी जिससे इलाके में भारी हलचल मच गई। धमकी के अलावा, नेता को गुस्से में आकर कैमरे के सामने पार्टी के पोस्टर फाड़ते हुए भी देखा गया।

इस मामले पर विस्तृत वीडियो रिपोर्ट हमें न्यूज़ 18 बांग्ला के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिली, जिसे 8 फरवरी 2022 को अपलोड किया गया था। इसके साथ लिखे विवरण के अनुसार, खड़गपुर में कैंडिडेट लिस्ट को लेकर हुए झगड़े के बाद बीजेपी कार्यकर्ता ने बीजेपी को वोट देने पर घर में आग लगा देने की धमकी दी।

पड़ताल किए जाने पर यह ज्ञात हुआ कि वीडियो में दिख रही महिला तत्कालीन बीजेपी नेता बेबी कोल हैं। यह वीडियो तब का है जब उन्होंने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार को वोट देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद वह बीजेपी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गई थीं। हालांकि, जुलाई 2025 में टीएमसी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। उन पर सीपीएम के वरिष्ठ नेता अनिल दास के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे थे, जिसके चलते पार्टी ने यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की।

वायरल वीडियो के संदर्भ में पश्चिम बंगाल के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट किया गया है, जिसमें पश्चिम बंगाल में हाल-फिलहाल में ऐसी किसी भी घटना का खंडन किया गया है। पुलिस ने पोस्ट में बताया है, ‘यह वीडियो 27 फरवरी 2022 की एक घटना से संबंधित है। इसे गलत तरीके से हाल की घटना बताकर फैलाया जा रहा है। इस भ्रामक वीडियो को फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। #FakeNewsAlert’

यानी की साफ़ है कि वायरल वीडियो को चार साल पुराना है अभी के दिनों का नहीं। 

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो अभी चल रहे चुनाव से सम्बंधित नहीं बल्कि पुराना है, जब साल 2022 में पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में नगर निगम चुनाव में कैंडिडेट लिस्ट को लेकर विवाद हुआ था और तत्कालीन बीजेपी नेता बेबी कोल ने लोगों को बीजेपी की उम्मीदवार मौसुमी दास को वोट न देने के लिए धमकाया था। उसी पुराने वीडियो को हालिया बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

Result Stamp

Title: बीजेपी की पूर्व नेता बेबी कोले का पुराना वीडियो वर्तमान विधानसभा चुनाव का बताकर किया जा रहा है वायरल।

Fact Check By: Priyanka Sinha

Result: Misleading

Leave a Reply