
अभी हाल ही में सासाराम से पटना जाने वाली एक ट्रेन में भीषण आग लग गई थी । जिससे जोड़ते हुए सोशल मीडिया आगजनी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन में आग लगी हुई है और एक महिला गोद में बच्चे को ली हुई है। वह खुद को और अपने बच्चे को बचाने की कोशिश कर रही है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह सासाराम रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे का है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- सासाराम से चलने वाली ट्रेन में आग लगी है बहुत ही भयानक आप देख सकते हैं वीडियो के माध्यम से
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें एक फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 17 मई 2026 को शेयर किया गया था। जानकारी के मुताबिक, वीडियो गोधरा फिल्म की शूटिंग के बिहाइंड द सीन्स का है।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें यूट्यूब पर फिल्म के ट्रेलर का वीडियो मिला।वीडियो में 19 सेकंड पर वायरल वीडियो वाली महिला को देखा जा सकता है।

इसी मूवी का ट्रेलर हमें ‘Zee Music Company’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला, जिसे 25 जून 2024 को शेयर किया गया था।
पड़ताल के दौरान हमें पूरी मूवी ‘dailymotion’ पर मिली। वीडियो में 1:59:10 टाइमस्टैम्प पर वायरल वीडियो वाले सीन को देखा जा सकता है।
https://www.dailymotion.com/video/x9p991m
हमने वायरल वीडियो में दिख रहे क्लिप और फिल्म में दिख रहे क्लिप से तस्वीर लेकर विश्लेषण किया। जिससे ये साफ है कि वीडियो साल 2024 में रिलीज हुई गोधरा फिल्म का है।

सासाराम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के एक कोच में आग –
8 मई 2026 को सासाराम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक कोच (बोगी) में भीषण आग लग गई थी। घटना के समय ट्रेन पूरी तरह से खाली थी, जिसके कारण कोई जनहानि या हताहत नहीं हुआ।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि , सासाराम ट्रेन हादसे के नाम पर वायरल वीडियो किसी असली घटना का नहीं है। असल में वीडियो साल 2024 में रिलीज हुई गोधरा फिल्म का है।


