बरगी डैम हादसे के नाम पर बांग्लादेश का पुराना वीडियो वायरल।

अभी हाल ही में 30 अप्रैल को जबलपुर के बरगी डैम में एक बड़ा क्रूज हादसा हुआ था। इसमें बच्चों और महिलाओं समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई थी। इसी घटना के संदर्भ में इंटरनेट पर वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें एक पर्यटक नाव झील के बीचों-बीच पलटी हुई दिखाई दे रही है और कुछ लोग जान बचाने के लिए चीख-पुकार कर रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह उसी जबलपुर क्रूज हादसे का वीडियो है। वायरल वीडियो फेसबुक पर इस कैप्शन के साथ साझा किया जा रहा है…
कितना दर्दनाक हादसा हुआ है जबलपुर क्रूज हादसा @कुछ लोग क्रूज के साथ ही डूब गए कुछ लोग जबलपुर क्रूज हादसा
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें वायरल वीडियो का एक लंबा संस्करण मिला, जिसे न्यूज़ रिपोर्ट टुडे ने 28 दिसंबर 2025 को फेसबुक पर पोस्ट किया था। इसमें बताया गया है कि यह घटना दिसंबर में बांग्लादेश के रंगमती जिले में घटी थी, जहां कपताई झील में एक पर्यटक नाव पलट गई थी।
मिली जानकारी को आधार बनाते हुए हमने आगे की खोज की। अब हमें इस घटना से संबंधित मीडिया रिपोर्टें मिली। इनमें बांग्लादेश टाइम्स के अनुसार , यह घटना 25 दिसंबर को हुई थी।
एक अन्य बांग्लादेशी समाचार पत्र, बांग्ला ट्रिब्यून के अनुसार, लकड़ी की नाव सुबालोंग बाजार क्षेत्र से लौट रही थी जब सिलचरिमुख के पास वह पलट गई। तभी आसपास मौजूद लोगों ने यात्रियों को बचा लिया। वहीं नाव में लगभग 20 से 22 लोग सवार थे, जिनमें से किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी, हालांकि किसी को चोट नहीं आई। रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया था कि घटना के समय नाव में अधिक लोग सवार थे।
हमें 26 दिसंबर 2025 को ढाका ट्रिब्यून के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इस बारे में अपलोड की हुई वीडियो रिपोर्ट मिली। इसके साथ लिखे डिस्क्रिप्शन के अनुसार, यह घटना बांग्लादेश के रंगामती जिले की कप्ताई झील में हुई थी, जब 25 दिसंबर 2025 को पर्यटकों से भरी एक नाव ‘शिलचरिमुख’ स्थित रंगब्याश कैंप के पास पलट गई थी। लेकिन इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।
बांग्लादेश की एक और मीडिया संस्थान Prothomalo के यूट्यूब चैनल पर भी 26 दिसंबर 2025 को इस घटना से जुड़ी रिपोर्ट देखी जा सकती है। पता चलता है कि 25 दिसंबर 2025 को करीब 19 पर्यटकों से भरी नाव रंगमती के कप्ताई लेक में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हालांकि, इस हादसे में किसी की जान नहीं गई थी।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। इसका जबलपुर क्रूज हादसे से कोई संबंध नहीं है। बल्कि यह वीडियो बांग्लादेश का है जब दिसंबर 2025 को कपताई झील में नाव पलटने की घटना हुई थी। उसी हादसे के वीडियो को बरगी में हुए क्रूज हादसे की घटना बताकर भ्रामक रूप में शेयर किया जा रहा है।


