बंगाल के हालिया चुनाव का नहीं है, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती पर गुस्सा होती ममता बनर्जी का वीडियो।

Misleading Political

पुलिस से बहस करती ममता बनर्जी के वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा है भ्रामक दावा, वीडियो बंगाल चुनाव से सम्बंधित नहीं है।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों की वोटिंग के बाद 4 मई को परिणाम सामने आएंगे। इसी बीच बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें  उनको वर्दीधारी सुरक्षा बलों के जवान के साथ बहस करते हुए दिखाया गया है। देखा जा सकता है कि ममता बनर्जी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ एक जगह पर आती है, जहां सुरक्षाबल तैनात रहते हैं। तभी ममता बनर्जी उन जवानों से सवाल करती है कि आप सब यहां क्यों खड़े हो। इसके बाद उनके पास कोई जबाब नहीं होता। यह वीडियो साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि ममता बनर्जी के घर के बाहर गृह मंत्री ने केंद्रीय सुरक्षा बल को तैनात कर दिया, और इसलिए वो गुस्सा हो गईं।वीडियो को फेसबुक यह कैप्शन लिखते हुए शेयर किया गया है…

दहशत फैलाने के लिए मुख्यमंत्री ममता दीदी के घर के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बल को गृहमंत्री ने तैनात कर दिया है। रुककर ममता दीदी ने केंद्रीय सुरक्षा बलों से पूछा आप सब यहां क्यों खड़े हो उनके पास कोई जबाब नहीं था। केंद्रीय सत्ता का बेजा इस्तेमाल केंद्र सरकार कर रही है। चुनाव आयोग गुलाम बन गया है।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से की-फ्रेम्स लेकर रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें यहीं वीडियो तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा के एक्स पोस्ट पर मिला, जिसे 2 फरवरी 2026 को अपलोड किया गया था।वीडियो के साथ लिखे कैप्शन के अनुसार, यह बंग भवन के बाहर लोगों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस की तैनाती किए जाने का बताया गया है।

पड़ताल में हमें एनडीटीवी के यूट्यूब चैनल पर पर वायरल वीडिया मिला, जिसे 2 फरवरी 2026 को पोस्ट किया गया था। यहां बताया गया कि दिल्ली पुलिस पर ममता बनर्जी ने एसआईआर मामले को लेकर पश्चिम बंगाल से दिल्ली आए लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया था

आगे पड़ताल किए जाने पर हमें 2 फरवरी 2026 को प्रकाशित अमर उजाला की रिपोर्ट मिली। पता चलता है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली स्थित ‘बंग भवन’ के बाहर भारी पुलिस सुरक्षा पर कड़ी नाराजगी जताई। रविवार को दिल्ली पहुंचने के बाद जब वे राज्य सरकार के गेस्ट हाउस पहुंचीं, तो वहां सुरक्षाकर्मियों को तैनात देखकर उन्होंने उनका सामना किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वे वहां किसी राजनीतिक आंदोलन के लिए नहीं, बल्कि उन परिवारों को न्याय दिलाने आई हैं, जो बंगाल में चुनावी सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) के कारण प्रभावित हुए हैं।

इस घटना से संबंधित रिपोर्ट हमें आजतक की वेबसाइट पर भी 2 फ़रवरी 2026 को प्रकाशित मिली। इसमें भी ममता बनर्जी के उन बयानों का ज़िक्र था, जो उन्होंने नई दिल्ली स्थित बंग भवन के बाहर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती पर सवाल उठाते हुए कही थीं।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो बंगाल के हालिया चुनाव का नहीं बल्कि, फरवरी महीने में नई दिल्ली स्थित बंग भवन का है। तब ममता बनर्जी एसआईआर से जुड़े मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात के लिए दिल्ली पहुंची थीं, और उस दौरान वे दिल्ली स्थित बंग भवन के बाहर बड़ी संख्या में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर नाराज़ हो गई थीं।

Result Stamp

Title: बंगाल के हालिया चुनाव का नहीं है, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती पर गुस्सा होती ममता बनर्जी का वीडियो।

Fact Check By: Priyanka Sinha

Result: Misleading

Leave a Reply