एक मूवी की शूटिंग का वीडियो, पटना के हाई स्कूल में गोलीबारी की असली घटना के रूप में साझा किया जा रहा है।

बिहार के भोजपुर में भारत भूषण तिवारी के एनकाउंटर पर मचे बवाल ने राज्य के कानून व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला दिया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कई हथियारों से लैस व्यक्तियों को इधर-उधर भागते व गोलियों की आवाज़ सुनते हुए दिखाया गया है। दावा किया जा रहा है कि बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद ही गंभीर है। लिहाज़ा प्रदेश की राजधानी पटना के हाई स्कूल में अब सरेआम गोलियां चलाई जा रही है। इसी के साथ वीडियो में एक टेक्स्ट में “पटना हाई स्कूल” लिखा हुआ नज़र आ रहा है। साथ ही यूज़र ने वीडियो के साथ यह कैप्शन लिखा है…
पटना के हाई स्कूल में चली गो/ली, वीडियो हुआ वायरल।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से जुड़ी कीवर्ड को गूगल सर्च करते हुए यह पता लगाया कि क्या वास्तव में ऐसी कोई घटना घटी है। परंतु हम ऐसे किसी भी परिणाम तक नहीं पहुंचे जो वायरल दावे की पुष्टि करता हो।
इसलिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। परिणाम में हमें Jitendra Mohan Pintu Raj नाम के एक फेसबुक यूज़र की तरफ से 25 जून को अपलोड किया हुआ यह वीडियो मिला, जिसे शेयर करते हुइ इसे एक फिल्म की शूटिंग का बताया गया था।
एक इंस्टा यूज़र ने भी वायरल वीडियो को साझा किया है और उसे शूटिंग का हिस्सा बताया है।
और आगे खोज करने पर हमने पाया कि एक यूट्यूब यूजर ने भी इसी से मिलता हुआ एक अन्य वीडियो शेयर किया है और बताया है कि गर्दनीबाग हाई स्कूल पटना में भोजपुरी फिल्म सम्राट की शूटिंग हुई। वीडियो में दिखाई देता है कि सीन को रोकने वाले ‘कट कट’ के निर्देश के बाद कलाकारों द्वारा अभिनय को रोक दिया जाता है। ऐसे में स्पष्ट होता है कि यह एक शूटिंग का ही दृश्य है।
हमें वायरल वीडियो के संदर्भ में पटना पुलिस की तरफ से आधिकारिक एक्स हैंडल पर 26 जून 2026 को जारी प्रेस रिलीज मिली, जिसमें यह उल्लेख किया गया था कि पटना हाई स्कूल गर्दनीबाग का यह वीडियो कोई असली घटना नहीं, बल्कि एक फिल्म की शूटिंग का हिस्सा है। जिसकी शूटिंग के लिए पहले ही प्रशासन से जरूरी मंजूरी ले ली गई थी।
निष्कर्ष
इस प्रकार से हमें मिले साक्ष्यों द्वारा यह स्पष्ट किया जाता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा सरासर झूठा है। यह वीडियो कोई वास्तविक घटना नहीं, बल्कि पटना के गर्दनीबाग में एक मूवी की शूटिंग का हिस्सा है। स्वयं पटना पुलिस ने अपने एक पोस्ट में इसकी पुष्टि करते हुए वायरल वीडियो के दावे का खंडन किया है। इसलिए, पोस्ट के साथ फैलाया जा रहा दावा गलत है।


