मार्च में हावड़ा ब्रिज पर होली के जश्न मनाने का वीडियो पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों से जोड़ा जा रहा है।

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव परिणामों से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोगों का हुजूम हावड़ा ब्रिज पर उमड़ा हुआ है और इसमें धार्मिक नारे लगाए जा रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के जश्न से सम्बंधित है।
वीडियो को फेसबुक पर इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…
हावड़ा ब्रिज पर जीत के रुझानों के बीच BJP समर्थकों का उत्साह देखने को मिला। समर्थक जुटकर जश्न मनाते नजर आए, जहां नारेबाजी और जोश का माहौल बना रहा।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें यहीं वीडियो irameshwararya नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 9 मार्च 2026 को अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो को शेयर करके लिखा गया था “कोलकाता बोले जय श्रीराम, नमः पार्वती पतये हर हर महादेव”। इससे इतनी बात तो यहीं साफ जो जाती है कि वीडियो बंगाल चुनाव के परिणाम से पहले का है। क्योंकि बंगाल समेत अन्य चार राज्यों के चुनाव के नतीजे 4 मई को आए थे।

आगे खोज करने पर हमें वायरल वीडियो से मिलता हुआ दूसरा वीडियो एक यूट्यूब चैनल पर मिला, जिसे BACKBENCHER STREET नाम के चैनल की तरफ से एक मार्च 2026 को अपलोड किया था। इसमें हमें तीन मिनट की टाइमलाइन पर फूलों से सजा मिनी ट्रक और उसमें सवार लोग नजर आए, जो भाजपा की जीत के नाम पर वायरल वीडियो में दिख रहे हैं। इसलिए स्पष्ट होता है कि होली से जुड़े एक कार्यक्रम के पुराने वीडियो को भाजपा की जीत के नाम पर वायरल करके झूठ फैलाया गया है।
फिर यहीं वीडियो mukeshshaw130 नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1 मार्च 2026 को देखने को मिला। यहां पर वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया था “हावड़ा ब्रिज पर रोल्स रॉयस होली” इसके आगे लिखा गया था होली 2026, कोलकत्ता, रंगो का त्योहार।
इसी प्रकार से मार्च 2026 में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, बागला परिवार के होली उत्सव का आयोजन हुआ था जो कोलकाता की “रोल्स रॉयस होली” के नाम से मशहूर है। यह उत्सव हावड़ा के सत्यनारायण मंदिर से शुरू हुआ, हावड़ा ब्रिज से होते हुए बुर्राबाजार के सोनापत्ती में समाप्त हुआ। आयोजकों के प्रमुख सदस्य अशोक सहगल के अनुसार, यह आयोजन अपना 141वां वर्ष मना रहा था।
खोज में आगे बढ़ते हुए हमें हावड़ा ब्रिज पर भाजपा की जीत पर जश्न मनाने का असली वीडियो भी मिला, जिसे आजतक के यूट्यूब चैनल पर 4 मई 2026 को अपलोड किया गया था। वीडियो में भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं को जश्न मनाते और मीडिया को बाइट देते हुए दिखाया गया है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो 1 मार्च 2026 से ही इंटरनेट पर होली के जश्न नाम से मौजूद है। इसलिए इसका कोलकाता के हावड़ा ब्रिज पर बंगाल चुनाव में भाजपा को मिली जीत के जश्न से कोई संबंध नहीं है।


