
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्डतोड़ मतदान के बाद सियासी दलों की ओर से वोटिंग प्रतिशत को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। इसी बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें एक समूह को पोलिंग बूथ पर हंगामा करते हुए, तोड़-फोड़ करने और फ़र्ज़ी मतदान करने की कोशिश करते हुए दिखाया गया है। दावा किया जा रहा है कि यह पश्चिम बंगाल के पहले चरण के दौरान का वीडियो है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- सेना के जवानों ने सरेआम “बूथ” कैप्चरिंग करने वाले गुंडे और दंगाईयों की जमकर की कुटाई..सरेआम “बूथ” कैप्चरिंग करने वाली पार्टियां हीं सबसे ज़्यादा लोकतंत्र की दुहाइयां देते फिरते हैं!
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया । परिणाम में वायरल वीडियो हमें एक यूट्यूब चैनल पर मिला। यहां पर वीडियो को दो महीने पहले अपलोड किया गया है। इससे ये साफ है कि वीडियो अभी का नहीं है।

जांच में आगे वायरल वीडियो को ध्यान से देखने पर, हमने पाया कि उसमें एक बैनर लगा था जिस पर बंगाली भाषा में कुछ लिखा था, “तेरहवाँ राष्ट्रीय संसद चुनाव-2026, रसिक नगर सरकारी प्राथमिक विद्यालय, चुनाव अभ्यास।” इन दृश्यों से यह संकेत मिलता है कि इस वीडियो में बांग्लादेश के दिघिनाला उपज़िला स्थित रसिक नगर सरकारी प्राथमिक विद्यालय में आयोजित एक मॉक चुनाव अभ्यास का है।

आगे Google Maps Street View की मदद से ढूंढने पर हमें एक लोकेशन मिला, जिसमें वायरल वीडियो में दिखाई देने वाली लाल खंभों वाली हरी इमारत नज़र आ रही है। इससे यह साफ़ हो जाता है कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है।
https://maps.app.goo.gl/6cCpi4kyCTsrnmtGA
इसके अलावा हमें अन्य वीडियो भी मिले, जिनमें बांग्लादेश सेना द्वारा किए गए इसी अभ्यास के बारे में बताया गया था। इन रिपोर्ट्स के अनुसार, 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव से पहले सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 9 फरवरी 2026 को दिघिनाला ज़ोन के रसिक नगर सरकारी प्राथमिक विद्यालय में एक मॉक चुनाव अभ्यास आयोजित किया गया था। बांग्लादेश ने अपना 13वां राष्ट्रीय संसदीय चुनाव 12 फरवरी 2026 को आयोजित किया था।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, बांग्लादेश के एक मॉक ड्रिल वीडियो को 2026 के पश्चिम बंगाल चुनावों के पहले चरण के दौरान हिंसा का बताकर शेयर किया जा रहा है।


