अतीक अहमद के बेटे अली अहमद का सीएम योगी से गुहार लगाने वाला वीडियो पुराना है।

हाल ही में 6 अगस्त 2026 को एक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत हो गई थी। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अतीक के दूसरे बेटे अली अहमद को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से खुद को बचाने की गुहार लगाते हुए दिखाया गया है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हाल के दिनों का है, जहां अपने भाई को खोने के बाद अली अहमद सीएम योगी से रहम खाने की गुहार लगा रहा है। वायरल वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…
अतीक अहमद के बेटे अली अहमद की गुहार— अब और नहीं सताया जाए… || एक बेटे की दर्द भरी अपील… आखिर कब तक ये दर्द और इंतज़ार
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में सबसे पहले वायरल वीडियो के बारे में गूगल पर कीवर्ड सर्च किया। परिणाम में हमें आजतक की वेबसाइट पर 1 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित एक वीडियो न्यूज में वायरल क्लिप मिला। यहां पर जानकारी दी गई थी कि, अतीक के बेटे अली को नैनी जेल से झांसी जेल ले जाया गया। जहां वह मीडिया के सामने सीएम योगी से खुद को बचाने की गुहार लगा रहा था। वह कह रह था, “अब और न सताया जाए, जो होना था, वह हो गया। और जो अन्यथा सताया जा रहा है, उससे बचा लें।”

फिर हमें 2 अक्टूबर, 2025 की यूपी तक की एक वीडियो रिपोर्ट मिली। जिसके अनुसार, उस वक़्त अली अहमद को प्रयागराज जेल से झांसी जेल में शिफ्ट किए जाने के बारे में बताया गया था। वीडियो के साथ लिखे विवरण के अनुसार, प्रयागराज जेल में अली अहमद की बैरक से लगभग 1100 रुपये कैश बरामद हुआ था जिसके बाद 1 अक्टूबर को ये कार्रवाई की गई थी। इसमें वायरल वीडियो वाली क्लिप दिखाई देती है।
इस बारे में 2 अक्टूबर 2025 को एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट देख सकते हैं जो यह स्पष्ट करते हैं कि उक्त वीडियो का हाल की घटना से कोई संबंध नहीं है।
गौरतलब है कि माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की 6 अगस्त 2026 को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अबान के जनाज़े में शामिल होने के लिए झांसी जेल में बंद उसके भाई अली अहमद को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज लाया गया था।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। सीएम योगी से रहम की गुहार लगाते अतीक अहमद के बेटे अली अहमद का यह वायरल वीडियो पुराना है। यह अक्टूबर 2025 का वीडियो है, जब उसे प्रयागराज के नैनी जेल से झांसी जेल में शिफ्ट किया जा रहा था।








