
पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल ने 8 जून 2026 को फिर से एक-दूसरे पर हमले किए। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक इमारत पर हुए हमले को देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ईरान और इजरायल में फिर से बढ़े तनाव के बीच तेल अवीव पर हमले का है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- ईरान-इज़राइल तनाव चरम पर, तेल अवीव की ओर जवाबी कार्रवाई की खबरे,ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेल अवीव की ओर ईरानी जवाबी कार्रवाई की नई लहर बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं।हालिया घटनाक्रम के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति पर नज़र बनाए हुए है। मध्य पूर्व की स्थिति लगातार बदल रही है और नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। आधिकारिक जानकारी और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर ही निष्कर्ष निकालना उचित होगा।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें एसोसिएटेड प्रेस’ (AP) के यूट्यूब चैनल पर मिला। जिसे 17 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया था। इससे ये साफ है कि वीडियो हाल ही का नहीं है।
इसमें वायरल क्लिप को भी देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो यूक्रेन के खार्किव की एक इमारत पर हुए रूस के ड्रोन हमले का है।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें एबीसी न्यूज की इंस्टाग्राम और फेसबुक पर भी 17 सितंबर 2025 को इससे संबंधित एक वीडियो रिपोर्ट मिली। इसमें भी हमले को खार्किव में हुए रूस के हमले का बताया गया है।
इसके अलावा एबीसी न्यूज वेबसाईट पर भी वायरल वीडियो की खबर प्रकाशित है। खबर में लिखा है कि यूक्रेन में रूसी ड्रोन के हमले का डरावना मंज़र। वीडियो में खार्किव, यूक्रेन में एक इमारत पर रूसी ड्रोन हमले के दौरान लोगों को डर के मारे भागते हुए देखा जा सकता है।

निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, सितंबर 2025 में रूस ने यूक्रेन पर ड्रोन से हमला किया था। उस हमले के वीडियो को अब इजरायल पर ईरान के हालिया हमले का बताकर शेयर किया जा रहा है।


