
बिहार की राजधानी पटना के ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ परिसर के पास हवाई फायरिंग के मामले में कोचिंग संचालक ‘खान सर’ और उनके सुरक्षा गार्ड के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी। फिलहाल इस मामले में पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है।इसी बीच सोशल मीडिया पर खान सर का एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें खान सर से फरार होने पर रिपोर्टर सवाल कर रहे हैं।
वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि खान सर का यह इंटरव्यू हाल की फायरिंग की घटना के बाद का है। इसमें खान सर को मीडिया पर सवाल खड़ा करते हुए और अपने फरार होने के सवाल पर जवाब देते हुए देखा जा सकता है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- मीडिया वालों ने बहुत झूठी खबर फैलाई थी कि ,खान सर फरार हो गए हैं सुनिए खान सर खुद को क्या बोल रहे हैं….
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में हमें ‘काबिल न्यूज’ यूट्यूब चैनल पर 4 अगस्त 2024 को खान सर का ये वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। इससे ये साफ है कि वीडियो हाल ही का नहीं है।

यहं पर वायरल वीडियो का इंटरव्यू अपलोड किया गया था। जांच में पता चला कि करीब 17 मिनट के इंटरव्यू के प्रीव्यू वाले भाग को एडिट करके अब वायरल किया गया है।
खान सर कोचिंग हमला-
राजधानी पटना के कोचिंग हब मुसल्लहपुर हाट में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले ने पूरे बिहार में चर्चा छेड़ दी है। मंगलवार रात हुई पथराव और तोड़फोड़ की घटना के बाद न केवल छात्रों में आक्रोश है, बल्कि कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि जांच अभी जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आई जानकारियां बताती हैं कि विवाद की जड़ दोनों संस्थानों के बीच लंबे समय से चली आ रही प्रतिस्पर्धा है।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि , अगस्त 2024 के इंटरव्यू के एक हिस्से को खान सर का वर्तमान बयान बताकर वायरल किया गया है। इसका पटना फायरिंग मामले से कोई संबंध नहीं है।


