इंफाल में एनआरसी प्रदर्शन के वीडियो को पश्चिम बंगाल का बताकर किया गया वायरल।

False Political

मणिपुर के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ बंगाल चुनाव से जोड़ा गया, यह इम्फाल में जनगणना से पहले एनआरसी की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान का वीडियो है।

पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनावों के लिए सियासी माहौल काफी गरमाया हुआ है। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें दिखाई दे रहा है कि सुरक्षाकर्मियों द्वारा भीड़ पर आंसू गैस के गोले दागे जा रहे हैं। साथ में वीडियो के बैकग्राउंड में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी है, जिसमें घटना को पश्चिम बंगाल का बताते हुए दावा किया गया है कि सेना ने यह कार्रवाई टीएमसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ की है। फेसबुक पर वायरल वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…

टीएमसी वालों अब गुंडा गर्दी नहीं चलेगी , ये बंगाल पुलिस नहीं है जो तुम्हारी पूजा करती है। ये सेना है भारत की इलाज कर देगी

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें 11 मार्च 2026 को मणिपुर के एक मीडिया आउटलेट द्वारा फेसबुक पर अपलोड की गई एक लंबी वीडियो रिपोर्ट मिली। इसमें शुरुआती हिस्से में वायरल वीडियो के दृश्य दिखाई देते हैं। वहीं रिपोर्ट के कैप्शन के अनुसार, यह घटना मणिपुर के इम्फाल की है जब मणिपुर विधानसभा सत्र के दिन विरोध प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शनकारी, जिनमें नागरिक समाज समूहों के सदस्य भी शामिल थे, जनगणना से पहले राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) को लागू करने की मांग कर रहे थे। तभी सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और नकली बमों का प्रयोग किया, इससे कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए थें।

इसी के साथ हमें Impact TV द्वारा अपलोड की गई एक अन्य वीडियो रिपोर्ट मिली,जिसमें मिलते-जुलते दृश्य दिख रहे थें। पुष्टि होती है कि NRC से जुड़ी मांगों को लेकर इम्फाल के Ima Market में विरोध प्रदर्शन हुआ था।

पड़ताल के दौरान हमें मिली 11 मार्च 2026 की इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में भी यही विज़ुअल्स मिले। पता चलता है कि इमा केथल बाज़ार की महिला विक्रेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और विधानसभा की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने दखल दिया और स्थिति को काबू करने के लिए आंसू गैस छोड़े।

हमने वायरल वीडियो बंगाल का नहीं है यह स्पष्ट करने के लिए इसमें दिख रही जगह को जियोलोकेट किया। ज्ञात हुआ कि यह दृश्य मणिपुर की राजधानी इम्फाल में स्थित पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित बाजार इमा केइथेल का है। इसे गूगल स्ट्रीट व्यू में भी देखा जा सकता है।

इसलिए स्पष्ट होता है कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी कार्यकर्ताओं पर सुरक्षाकर्मियों द्वारा आंसू गैस के गोले दागने के रूप में फैलाया जा रहा वायरल वीडियो मणिपुर का है।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है। असल में यह वीडियो मणिपुर की राजधानी इंफाल का है, जहां एनआरसी को लेकर प्रदर्शन किया गया था। उसी समय के वीडियो को पश्चिम बंगाल में सेना द्वारा टीएमसी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ बल प्रयोग का बताकर भ्रामक रूप में शेयर किया जा रहा है।

Result Stamp

Title: इंफाल में एनआरसी प्रदर्शन के वीडियो को पश्चिम बंगाल का बताकर किया गया वायरल।

Fact Check By: Priyanka Sinha

Result: False

Leave a Reply