राहुल गांधी का एक अधूरा वीडियो इस झूठे दावे के साथ फैलाया जा रहा है कि उन्होंने बंगाल में भाजपा की जीत स्वीकार कर ली है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान होना है। जिससे जोड़ते हुए लोकसभा में नेता विपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसमें वे कहते हैं कि,”एक बात मत भूलिए,TMC बीजेपी का मुकाबला नहीं कर सकती है,यह मत भूलिए।” यूज़र्स वीडियो को सच मानते हुए इस दावे से शेयर कर रहे हैं कि बंगाल में भाजपा का कोई मुकाबला नहीं कर सकता ऐसा राहुल गांधी ने मान ही लिया है। यह वीडियो फेसबुक पर इस कैप्शन के साथ साझा किया जा रहा है…
अब राहुल गांधी ने भी मान लिया है कि बंगाल में BJP का कोई मुकाबला नहीं कर सकता
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से कीफ्रेम्स लेकर गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। परिणाम में हमें कांग्रेस के आधिकरिक एक्स अकाउंट पर इस संदर्भ में राहुल गांधी का पूरा वीडियो मिला। यह वीडियो राहुल गांधी की पश्चिम बंगाल के मालदा में हुई जनसभा का बताया गया है।
राहुल गांधी कहते हैं ,”टीएमसी बीजेपी का मुकाबला नहीं कर सकती है, यह मत भूलिये। अगर कोई पार्टी बीजेपी के खिलाफ खड़ी हो सकती है और बीजेपी को हरा सकती है, तो उस पार्टी का नाम कांग्रेस पार्टी है।” इसके बाद वे आगे कहते हैं कि, “यह सारा का सारा जो आपके खिलाफ हो रहा है, SIR हो रहा है, वोट चोरी हो रही है, इसको तृणमूल नहीं रोक सकती है। आप पर जो अत्याचार बीजेपी कर रही है, बंगाल में, देश में, वोट काट रही है, हिंसा फैला रही है, तृणमूल इसको नहीं रोक सकती है। कांग्रेस पार्टी इसको रोक सकती है और यह बात बीजेपी जानती है। बीजेपी जानती है कि तृणमूल कांग्रेस उनको नहीं हरा सकती, जानती है कि कांग्रेस पार्टी उनको गिरा सकती है।”
हमारी खोज में हमें राहुल गांधी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी इस क्लिप का लंबा वर्जन मिला। इसमें वीडियो के 32:13 मिनट से राहुल गांधी के वायरल हिस्से को देखा जा सकता है।
यहां भी वे कहते हैं कि, “एक बात मत भूलिए, TMC बीजेपी का मुकाबला नहीं कर सकती है, यह मत भूलिये। अगर कोई पार्टी बीजेपी के खिलाफ खड़ी हो सकती है और बीजेपी को हरा सकती है, तो उस पार्टी का नाम कांग्रेस पार्टी है। यह सारा का सारा जो आपके खिलाफ हो रहा है, SIR हो रहा है, वोट चोरी हो रही है, इसको तृणमूल नहीं रोक सकती है।”
यानी वे कहते हैं “TMC बीजेपी का मुकाबला नहीं कर सकती है।”लेकिन यह बिलकुल नहीं कहते हैं, “बंगाल में BJP का कोई मुकाबला नहीं कर सकता!” जबकि वास्तव में उन्होंने कहा था कि, “TMC बीजेपी का मुकाबला नहीं कर सकती है, यह मत भूलिये। अगर कोई पार्टी बीजेपी के खिलाफ खड़ी हो सकती है और बीजेपी को हरा सकती है, तो उस पार्टी का नाम कांग्रेस पार्टी है।”
न्यूज 18 बांग्ला की 14 अप्रैल 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी ने मालदा जिले के कलामबागान मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा के जरिए चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और केंद्र सरकार दोनों पर कड़ा प्रहार किया।
मालदा की 12 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के समर्थन में बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को वैचारिक और राजनीतिक मोर्चे पर सीधी टक्कर देने का माद्दा सिर्फ कांग्रेस में ही है। भाजपा को रोकने की असली लड़ाई कांग्रेस ही लड़ रही है।
इसलिए स्पष्ट होता है कि उनका वायरल हो रहा यह वीडियो अधूरा है।
निष्कर्ष
तथ्यों की जाँच से यह स्पष्ट होता है कि राहुल गांधी का वायरल वीडियो अधूरा और भ्रामक है। असल में उन्होंने यह कहा था कि तृणमूल कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला नहीं कर सकती, क्यूंकि कांग्रेस ही वह केवल पार्टी है जो भाजपा को हराने में सक्षम है।


