शराब घोटाले के आरोपों से बरी होने के बाद भावुक हुए थें केजरीवाल, राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने से संबंधित नहीं है वायरल वीडियो।

अभी हाल ही में 24 अप्रैल 2026 को राघव चड्ढा सहित आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों ने पार्टी से बगावत कर भाजपा में शामिल होने का एलान किया था। जिसके लिए इन सांसदों की तरफ से राज्यसभा के सभापति को एक औपचारिक आवेदन सौंप कर भाजपा के साथ अपने विलय की मांग की। फिर सांसदों के आवेदन पर विचार करने के बाद, राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने ‘आम आदमी पार्टी’ के इन बागी सांसदों के भाजपा में विलय को आधिकारिक मंजूरी दी। इसी से जोड़ते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में केजरीवाल मीडियाकर्मियों से बात करते हुए रोते दिख रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि केजरीवाल इसलिए रो रहे हैं क्यूंकि राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के सात सांसद भाजपा में शामिल हो गए। वीडियो को फेसबुक पर इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…
7 सांसद बीजेपी में जाने के बाद.. केजरीवाल की हालत
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में सबसे पहले वायरल वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। परिणाम में हमें ANI के एक्स हैंडल पर वायरल वीडियो मिला। यह पोस्ट 27 फरवरी 2026 को शेयर किया गया था, जब आबकारी मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से केजरीवाल बरी हुए थें। कैप्शन में लिखा गया था, “AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘पिछले कुछ वर्षों भाजपा शराब घोटाले के बारे में कह रही थी और हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी। आज कोर्ट ने सभी आरोप खारिज कर दिए और सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। हमें न्यायपालिका पर भरोसा है। सत्य की जीत हुई। आप को खत्म करने के लिए सभी बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। यह पूरा फर्जी केस था। केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। मैंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई है। कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आप कट्टर ईमानदार है। अच्छा काम करके सत्ता में आइए और झूठे केस करके हमें जेल में डालना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता।”
फिर हमें आजतक की वेबसाइट पर 27 फरवरी 2026 को इससे जुड़ी वीडियो रिपोर्ट मिली। इसके अनुसार, दिल्ली शराब नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल भावुक हो गए। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर साजिश के तहत आप पार्टी को ख़त्म करने का आरोप लगाया था।
इसके बाद हमें वायरल वीडियो इंडिया टीवी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। यहां वीडियो को 27 फरवरी 2026 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, दिल्ली शराब घोटाले में क्लीन चिट मिलने पर अरविंद केजरीवाल भावुक होकर सबके सामने रोने लगे थें।
ऐसी ही एक रिपोर्ट को नवभारत टाइम्स के हवाले से देखा जा सकता है, जिसे 27 फरवरी 2026 को प्रकाशित किया गया था।
आगे पड़ताल किए जाने पर हमें केजरीवाल के एक्स हैंडल पर 24 अप्रैल 2026 को एक पोस्ट मिला। इसमें राघव चड्ढा के इस्तीफे और बीजेपी में शामिल होने पर केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने लिखा था, “बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ किया धक्का।”
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। अरविंद केजरीवाल का पत्रकारों के सामने भावुक होने वाला वीडियो राघव चढ्ढा से सम्बंधित नहीं है। यह वीडियो दो महीने पहले का है जब केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट की तरफ से क्लीन चिट दिया गया था।


