नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन और तेल अवीव में भगदड़ के दावे से वायरल यह वीडियो ईरान का है…

Misleading Political

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें सड़क पर प्रदर्शन के दौरान मची अफरा-तफरी और कुछ  घायलों को ले जाते हुए देखा जा सकता है।  वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा हैं कि यह इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन का है। 

वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा – नेतनयाहू के खिलाफ फूटा इजराइलियों का गुस्सा ! इजराइल में गृहयुद्ध

शुरू! | #Israel Iran #warzone  Update |

फेसबुकआर्काइव

पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल  वीडियो के तस्वीरों को लेकर रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में वायरल वीडियो हमें एक्स यूजर ‘Savakzadeh’ के अकाउंट पर मिला। 29 जनवरी 2026 को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए इसे 8 जनवरी 2026 को ईरान के मशहद में हुए प्रदर्शन का बताया गया है।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें  Iran Human Rights (IHRNGO)’ के हैंडल पर वायरल पोस्ट मिला। इसे 30 जनवरी 2026 को पोस्ट किया गया है। 

पोस्ट में लिखा है, “मशहद के एक वीडियो में सिक्योरिटी फोर्सेज मिलिट्री ग्रेड हथियारों से आम लोगों पर गोलियां चलाते दिख रहे हैं। फुटेज में कई प्रदर्शनकारी घायल भी दिख रहे हैं, जबकि लोकल लोग घायलों की मदद करने और उन्हें सुरक्षित जगह ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 8 जनवरी को इस्लामिक रिपब्लिक ने पूरे देश में इंटरनेट शटडाउन कर दिया और लोगों के खिलाफ बड़े पैमाने पर जानलेवा हिंसा की।” 

 वीडियो पर दिए गए कैप्शन में भी इसे ईरान में हुए प्रदर्शन का बताया गया है।

जांच में हमें दिखा कि वीडियो पर इंस्टाग्राम हैंडल ‘reza_shah_tous’ का नाम दिया गया है। इस आधार पर अधिक सर्च करने पर हमें  28 जनवरी को इस अकाउंट से वायरल वीडियो पोस्ट हुए मिला। 

पोस्ट में लिखा है, “ईरान के मशहद में सरकारी ब्रॉडकास्टिंग बिल्डिंग के सामने आम लोगों पर गोलीबारी। इस्लामिक रिपब्लिक के सिक्योरिटी फोर्सेज ने निहत्थे लोगों पर गोलियां चलाईं, जिसमें कई आम लोग मारे गए और कई घायल हुए। दुनिया को देखना चाहिए कि क्या हो रहा है।”

अल जज़ीरा में प्रकाशित खबर के अनुसार “नॉर्वे की ईरान ह्यूमन राइट्स ऑर्गनाइजेशन ने जो डेटा जारी किया, उसके मुताबिक, ईरान में देशभर में फैली अशांति की नई लहर के दौरान करीब 51 प्रदर्शनकारी मारे गए हैं। 

ईरान के सरकारी मीडिया का कहना है कि आर्थिक संकट के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों के दर्जनों सदस्य मारे गए हैं, वहीं संसद के स्पीकर ने अमेरिका और इज़राइल को चेतावनी दी है कि अगर वॉशिंगटन ने देश पर हमला किया, तो जवाबी हमले किए जाएँगे।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, ईरान में हुए प्रदर्शन के पुराने वीडियो को इजरायल में बेंजामिन नेतन्याहू के विरोध का बताकर गलत दावा किया जा रहा है। यह वीडियो 28 जनवरी 2026 से ही इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि युद्ध 28 फरवरी 2026 को शुरू हुआ था।

Result Stamp

Title: नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन और तेल अवीव में भगदड़ के दावे से वायरल यह वीडियो ईरान का है…

Written By: Sarita Samal

Result: False