एमपी के मंदसौर में हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी का पुराना वीडियो गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड से जोड़कर वायरल।

Missing Context Social

गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड का नहीं, बल्कि मंदसौर में दूसरे मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी का है वीडियो।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद अंतर्गत खोड़ा इलाके में 28 मई 2026 को एक बड़ा विवाद सामने आया। जब आपसी कहासुनी के बाद असद नाम के युवक ने 17 वर्षीय सूर्य प्रताप चौहान पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिसके बाद इलाज के दौरान अस्पताल में सूर्या की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर फरार हुए मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने न केवल एक मुठभेड़ में मार गिराया। बल्कि, इस हत्याकांड में शामिल तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी कर सलाखों के पीछे भेज दिया। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस कुछ लंगड़ाते हुए लड़कों को जंजीरों से बांधकर ले जा रही है। साथ ही पीछे लोगों की भीड़ भी दिख रही है। पोस्ट के साथ दावा किया जा रहा है कि पुलिस ने सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को पकड़ कर जंजीरों से बांधकर जुलूस निकाला।

वायरल वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…

गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, सूर्या पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मुठभेड़ में मारा गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले को लेकर पहले से ही पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश था और लोग लगातार न्याय की मांग कर रहे थे।सूर्या चौहान की मौत के बाद सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक न्याय की आवाज उठी। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद लोगों की नजर आगे की कानूनी प्रक्रिया और मामले में पूरी जांच पर बनी हुई है। दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय मिले, यही सभी की मांग है।खोड़ा, गाजियाबाद | उत्तर प्रदेश

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से तस्वीर लेकर गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। परिणाम में हमें apnamandsaur_official नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यहां पर वीडियो को 8 अप्रैल 2026 को साझा किया गया है। जबकि कैप्शन में लिखा गया है ‘अरुण हत्याकांड में बड़ा खुलासा’।

फिर हमें दर्पण की चमक मध्य प्रदेश नाम के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो मिला। यहां भी वीडियो को 8 अप्रैल 2026 को पोस्ट किया गया है। बताया गया है कि मंदसौर की शहर कोतवाली पुलिस ने चाकू गोदकर हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनका जुलूस निकाला। आरोपियों को मेडिकल करवाने के दौरान जिला अस्पताल के बाहर मृतक अरुण के परिजनों ने  हंगामा किया। इसके साथ ही  बाहर भीड़ देखकर पुलिस ने आरोपियों को अस्पताल के पीछे के दरवाजे से कोर्ट के लिए रवाना किया।

आगे पड़ताल करने पर हमें खबरवाला के फेसबुक पेज पर 8 अप्रैल 2026 को पोस्ट की गई वायरल वीडियो से जुड़ी तस्वीरें मिलीं। इनमें जंजीरों से बंधे आरोपियों को लंगड़ा कर चलते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट में लिखी जानकारी के अनुसार, घटना मध्य प्रदेश के मंदसौर की है, जहां गांधी चौराहे पर हुई चाकूबाजी की वारदात में गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस कुछ इस तरह घटनास्थल पर ले जाती हुई दिखाई दी।

वहीं  घटना से जुड़ी दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, घटना 5 अप्रैल 2026 की देर रात की है जब 19 वर्षीय युवक अरुण पर रोहित चौहान और युवराज माली ने चाकू से हमला कर दिया था। फिर गंभीर रूप से घायल अरुण को पहले जिला अस्पताल फिर रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 अप्रैल को दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची, तो वे लंगड़ाते हुए नजर आए। रिपोर्ट में वायरल वीडियो से मिलती-जुलती तस्वीरें देख सकते हैं। 

साथ ही घटना से संबंधित वीडियो रिपोर्ट में सीसीटीवी फुटेज और पुलिस के बयान भी देखे जा सकते हैं। पता चलता है कि 5 अप्रैल 2026 की रात को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में गांधी चौराहा के पास 19 वर्षीय अरुण को रोहित भाटी और युवराज माली ने चाकू से हमला कर दिया था। उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की और अरुण के मृत्यु पूर्व बयान से जांचकर्ताओं को उनकी पहचान की पुष्टि करने में मदद मिली। आरोपियों को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है की वायरल वीडियो से साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड के आरोपियों के जुलूस निकाले जाने का नहीं है, बल्कि मध्य प्रदेश की एक घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी का वीडियो है। इसलिए वायरल दावा भ्रामक साबित होता है। 

Result Stamp

Title: एमपी के मंदसौर में हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी का पुराना वीडियो गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड से जोड़कर वायरल।

Fact Check By: Priyanka Sinha

Result: Missing Context

Leave a Reply