
सोशल मीडिया पर दिल्ली में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजसेवी अन्ना हजारे की मौजूदगी के दावे से एक तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर में अन्ना हजारे को सीजेपी के तीनों प्रवक्ताओं के साथ मंच पर खड़ा दिखाया गया है।
वायरल तस्वीर के साथ यूजर ने लिखा है- भारतीय लोकतंत्र मुझे शुरू से पता था कि यह सब पहले से प्लान किया हुआ था।BJP की पॉपुलैरिटी कम हो रही थी, और कांग्रेस फिर से अपना असर दिखाने लगी थी।इसलिए केजरीवाल ने कांग्रेस को एक बार फिर कमज़ोर करने के लिए यह CJP ड्रामा किया।जैसे अन्ना हज़ारे के साथ IAC मूवमेंट हुआ था, वैसा ही फिर से हो रहा है… यह IAC 2.0 है।

अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में हमें कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका के इंस्टाग्राम अकाउंट ‘ashutosh_ranka’ से 3 जून 2026 को प्रेस कॉन्फ्रेंस की तस्वीर पोस्ट की हुई मिली। लेकिन इसमें अन्ना हजारे नहीं दिखे।

हमें सीजेपी प्रवक्ता पत्रकार प्रशांत कुमार के सोशल मीडिया हैंडल पर मूल तस्वीर मिली।यहां हमने पाया कि तस्वीर में मंच पर उनके साथ अन्ना हजारे मौजूद नहीं हैं।
हमें इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का लाइव वीडियो मिला, जिसमें तीनों प्रवक्ता वायरल तस्वीर वाली मुद्रा में खड़े हैं। पर यहां भी वीडियो में कहीं भी अन्ना हजारे नजर नहीं आते हैं।
अधिक सर्च करने पर हमें ‘द हिंदू’ की वेबसाइट पर 6 जून 2026 को अपडेटेड एक रिपोर्ट मिली। प्रकाशित रिपोर्ट में भी सीजेपी के इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की तस्वीर दी गई है। इसमें भी अन्ना हजारे नहीं हैं।
जबकि रिपोर्ट के अनुसार, सीजेपी ने 3 जून 2026 को अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस दिल्ली में आयोजित की। इसमें प्रवक्ताओं ने 6 जून को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन की जानकारी दी।
इसमें प्रवक्ता सौरव दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका मौजूद रहे। इस खबर में अन्ना हजारे का कोई जिक्र नहीं मिला।

हमने वायरल तस्वीर और हमें मिली तस्वीर का विश्लेषण किया। यह साफ पता चलता है कि वायरल तस्वीर एआई एडिटिंग टूल्स के इस्तेमाल से ही बनाई गई है।

कॉकरोच जनता पार्टी-
सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत के एक बयान की प्रतिक्रिया में बनी कॉकरोच जनता पार्टी ने 3 जून को दिल्ली में अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान पार्टी के तीन प्रवक्ता सौरभ दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था की आलोचना करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके की तरफ से 6 जून को भारत आकर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की जानकारी दी गई थी।
निष्कर्ष – तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि , दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे के शामिल होने का दावा गलत है। वायरल तस्वीर एआई से बनाया गया है।


